अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र में एक पीड़िता ने ससुराल जनों के ऊपर मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ससुरालियों ने गर्म चिमटे से उसके गाल जला दिए। उसके बाल काट दिए और उसे घर से निकाल दिया। जिसके बाद पीड़िता अपने मायके अलीगढ़ आ गई। यहां उसने जवां थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है, जिससे आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य तैयार हो सके। बेटी होने से नाराज थे ससुराल के लोग
जवां थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी ऊषा देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 9 साल पहले नोएडा के थाना जेवर के बादलपुर निवासी सतीश पुत्र टीकम सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ साल बाद उनकी बेटी ने पुत्री को जन्म दिया था। इसके बाद ससुरालियों का बर्ताव बदल गया। बीते दिनों उनकी बेटी ने एक और पुत्री को जन्म दिया था, जिससे ससुराली और नाराज हो गए और उनकी बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। 3 मार्च को आरोपियों ने उनकी बेटी डॉली के साथ मारपीट की। उसके गाल को गर्म चिमटे से जला दिया और बाल काट दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर ननद, बहनोई और परिवार के लोग थे। उन्होंने डॉली का मोबाइल छीन लिया और खाली कागज में साइन भी करा लिए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी बेटी को घर से निकाल दिया। जिसके बाद अब उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है। 3 दिन की मासूम को किया गायब
पीड़ित मां ने बताया कि आरोपियों ने उनकी बेटी डॉली को घर से निकाल दिया। वहीं उनकी बेटी की 3 दिन की पुत्री को आरोपियों ने गायब कर दिया, जिसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस अब जांच में जुटी है। जवां थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।