बेटे का बर्थडे मनाने के लिए लूट की कहानी गढ़ी:गोरखपुर में CCTV से खुली पोल, पुलिस ने किया अरेस्ट, 50 हजार रुपए भी बरामद

गोरखपुर में लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाले को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। युवक ने बेटे का पहला बर्थडे धूमधाम से मनाने के लिए 50 हजार रुपए छुपाकर लूट की सूचना पुलिस को दी थी। हालांकि, पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरे खंगाले लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। शक के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आ गई। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने 50 हजार रुपए भी बरामद कर लिए। पुलिस ने शनिवार को युवक को जेल भेज दिया। युवक 11 दिसंबर को बाइक से महाराजगंज में मुर्गी का दाना पहुंचाने गया था। व्यापारी ने उसे 50 हजार रुपए दिए थे। रुपए लेकर आते समय उसने कहानी गढ़ ली थी। जानिए पूरा मामला गुलरिहा थानाक्षेत्र के जैनपुर का सनोज निषाद गांव के ही नरेश निषाद के पॉल्ट्री फर्म पर काम करता है। 11 दिसंबर को नरेश ने उसे महाराजगंज के नगबारी में मुर्गी का दाना पहुंचाने के लिए भेजा था। युवक को मुर्गी का दाना पहुंचाने के बाद वहां से 50 हजार रुपए लाने थे। सनोज अपनी पल्सर बाइक से गया था। लौटते वक्त जंगल हरपुर के दलदलहवा के पास सनोज ने यूपी-112 पर कॉल की। पुलिस को जानकारी दी कि दो बदमाशों ने उससे 50 हजार रुपए छीन लिए। सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई। घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे खंगालने लगी। सनोज निषाद ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह पल्सर बाइक से आ रहा था। रास्ते में अपाचे बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उससे 50 हजार रुपए छीन लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। CCTV में नहीं दिखा कोई संदिग्ध
पुलिस ने सनोज के बताए गए घटनास्थल पर CCTV कैमरे खंगालने शुरू किए। इस दौरान सनोज भी पुलिस के साथ था। घटनास्थल के आसपास लगे करीब 10 CCTV कैमरे पुलिस ने देखे। कैमरे में सनोज आते दिख रहा है। लेकिन, अपाचे बाइक सवार बदमाश किसी कैमरे में नहीं दिखे। किसी संदिग्ध के कैमरे में नहीं दिखने पर पुलिस को सनोज पर ही शक हुआ। पुलिस ने उससे फिर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर सनोज ने बताया कि कोई लूट नहीं हुई है। उसने झूठी कहानी गढ़ी थी। सनोज ने पुलिस को बताया- मेरी डेढ़ साल पहले शादी हुई है। मेरे बेटे का 31 दिसंबर को बर्थडे है। मैंने सोचा कि 50 हजार रुपए मुझे मिल जाएंगे तो मैं बेटे का पहला बर्थडे धूमधाम से मना लूंगा। मैंने 23 हजार रुपए कर्ज भी लिए हैं। इसे चुकाना भी चाहता था। इसलिए झूठी सूचना दी। बाइक की सीट के नीचे रुपए छिपा लिए थे
पुलिस ने शनिवार दोपहर के समय जैनपुर टोला मोहम्मद बरवां से सनोज निषाद को गिरफ्तार कर लिया। सनोज ने बताया कि अपनी पल्सर बाइक की सीट के नीचे पैसे छिपाए हैं। नरेश निषाद के यहां बाइक खड़ी थी। पुलिस ने बाइक की सीट के नीचे से रुपए बरामद कर लिए। SP सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि लूट की झूठी सूचना देने वाले सनोज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे 50 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। ——————- ये खबर भी पढ़िए- सामूहिक विवाह में घोटाला, महिला अफसर हटाई गईं: शिल्पी सिंह लखनऊ अटैच, कानपुर में दुल्हन को लड्डू कम दिए, रसगुल्ले के लिए लूट मची थी कानपुर में गुरुवार को 551 जोड़ों का सामूहिक विवाह और निकाह हुआ था। इसमें रसगुल्लों के लिए लूट मच गई थी। अब इस आयोजन में घोटाले की बात सामने आई है। शासन की ओर से जिला समाज कल्याण अधिकारी शिल्पी सिंह को समाज कल्याण निदेशालय लखनऊ अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पर शिवम सागर को नया जिला समाज कल्याण अधिकारी नियुक्त किया गया है। पढ़ें पूरी खबर…