महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग से जुड़े वरूणा बाजार-उग्रसेनपुर मार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया। रमबगिया के सामने बोलेरो और अप्पे की आमने-सामने की टक्कर में एक पांच साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरी अप्पे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के किल्हापुर तरहटी गांव निवासी आशीष कुमार अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ वरुनेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। वरूणा बाजार के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बोलेरो से उनकी अप्पे की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में आशीष कुमार की पांच साल की बेटी निहारिका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अप्पे में सवार सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं। घायलों में चालक ओम प्रकाश, निहारिका की मां राधिका, बहन सनार्थी, आरती, भाई कुणाल, पिता आशीष, चाची गुड्डी देवी और बड़ी मां काजल शामिल हैं। चालक ओम प्रकाश की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।