बोलेरो 40 फीट नीचे नहर में गिरी, चारों दरवाजे उखड़े:बिजनौर में शादी से लौट रहे थे 6 दोस्त, उत्तराखंड के दो युवकों की मौत

बिजनौर में 40 फीट ऊंचाई से बोलेरो नहर में गिर गई। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि, 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक उत्तराखंड के रहने वाले थे। सभी 6 दोस्त शादी में शामिल होने के लिए उत्तराखंड से आए हुए थे। शादी अटेंड करने के बाद युवक उत्तराखंड लौट रहे थे, इसी दौरान कार बेकाबू हो गई। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोनट का हिस्सा पूरा उखड़ के अलग हो गया। कार के सभी दरवाजे भी अलग हो गए। 7 फीट की बोलेरो, महज 4 फीट की रह गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। 4 घायलों का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है। घटना जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर नजीबाबाद-हरिद्वार बाईपास की है। हादसे की 3 तस्वीरें देखिए…
अब पूरा मामला विस्तार से …
नजीबाबाद में बुधवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे 6 दोस्त बोलेरो कार से वापस लौट रहे थे7 तभी कोहरे के बीच कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गंगनहर में जा गिरी। हादसा रात करीब 2 बजे समीपुर नहर के पास नजीबाबाद–हरिद्वार बाईपास रोड पर हुआ। कार करीब 40 फीट गहरी नहर में समा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों की पहचान सतीश (55) पुत्र किरनदास, निवासी मुनिकीरेती ऋषिकेश और सचिन (36) पुत्र अनूप कुमार, निवासी गांव मानियावाला थाना अफजलगढ़ के रूप में हुई है। सतीश होटल लाइन में काम करते थे, जबकि सचिन जेसीबी चालक थे। सचिन की शादी 2017 में हुई थी और उनका एक बच्चा है। घायलों में विशाल कुमार, मोहित, नितिन विशाल और विशाल कश्मीरी शामिल हैं। सभी दोस्त बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को उत्तराखंड के AIIMS ऋषिकेश रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे
सभी युवक उत्तराखंड से नजीबाबाद में एक रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने आए थे। वे मोहल्ला मकबरा में रवि के घर आयोजित समारोह में शामिल हुए थे। बोलेरो कार से वापस ऋषिकेश लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और वह रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी राहुल सिंह और सीओ नीतेश प्रताप मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। शादी वाले घर में छाया सन्नाटा
बताया जा रहा है कि सभी युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे। साथ में शादी में शामिल होने आए थे। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ नजीबाबाद नीतेश प्रताप ने बताया- पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में कोहरा और तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। ———————– ये खबर भी पढ़िए… मेरठ में युवक की हत्या का लाइव CCTV:बीच बाजार मारी 2 गोली, भागते हुए 4 मिनट का वीडियो बनाया, बोला- पत्नी को भी मारुंगा मेरठ में बुधवार को दिनदहाड़े सुरेंद्र नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पति ने पत्नी के प्रेमी, लिवइन पार्टनर को लगातार 2 गोली मारी और फरार हो गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी सामने आया है। 39 सेकेंड के सीसीटीवी में युवक गोली मारता नजर आ रहा है। इसके अलावा आरोपी का 4 मिनट का वीडियो भी सामने आया है। पढ़िए पूरी खबर…