मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में भरतपुर रोड पर ग्राम मुडेसी के पास तीन मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, ओमवीर पुत्र बाबूलाल निवासी तारसी ने इस घटना की जानकारी दी थी। मौके पर पुलिस ने पाया कि HR30AE3246 (यामाहा R15), RJ05BA2163 (सीडी डीलक्स) और UP85BL7487 (स्प्लेंडर प्लस) नंबर की मोटरसाइकिलें आपस में टकराई थीं। टक्कर के बाद यामाहा R15 में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गई। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान पवन (30) निवासी पलवल, हरियाणा, कृष्ण कन्हैया (26) और बनवारी (30) निवासी धनगांव के रूप में हुई है। सभी घायलों को एंबुलेंस से मथुरा न्यूरो हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त तीनों बाइकों को मौके से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।