भांजे की बारात जाने से पहले मामा हादसे में घायल:शादी में शामिल होने बहन के घर आए थे, ट्रेन की चपेट में आने से एक हाथ कटा

गोंडा जिले में नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कनकपुर गांव के पास देर शाम लगभग 6 बजे एक गंभीर ट्रेन हादसा हो गया। जहां वजीरगंज थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव निवासी 65 वर्षीय रामलाल ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गए है और इस दुर्घटना में उनका दाहिना हाथ पूरी तरह कट गया है। भांजे की बारात जाने से पहले हुए इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ​जानकारी के अनुसार, रामलाल वजीरगंज थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव के रहने वाले हैं जो नवाबगंज थाना के रेहली गांव में अपनी बहन प्रेमा के यहां अपने भांजे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बारात जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ है और भांजे की बारात जाने से पहले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वह बहन के घर जाते समय अयोध्या-मनकापुर रेलवे ट्रैक को पार कर रहे थे, तभी मनकापुर से अयोध्या की ओर जा रही एक ट्रेन की चपेट में आ गए। ​स्थानीय लोगों ने तत्काल रामलाल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नवाबगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। ​भांजे की बारात निकलने से पहले हुए इस हादसे के कारण पूरे परिवार में कोहराम मचा है। वैवाहिक तैयारियों में जुटे परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे है। ​नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर शाम हुए इस हादसे में रामलाल घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि रामलाल रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।