भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट का हुआ लाइव प्रसारण:विकसित भारत की दिशा में बताया मजबूत कदम, आम जन- मध्यम वर्ग को मिलेगी राहत

गोरखपुर के भाजपा महानगर कार्यालय बेनीगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 का लाइव प्रसारण देखा गया। भाजपा नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार का वित्तीय वर्ष 2026 का बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ लोकसभा में पेश किया गया है। इस बजट में देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नीतिगत और व्यावहारिक प्रावधान किए गए हैं, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके। नेताओं ने कहा कि बजट में किसान, महिलाएं, युवा और आम जन को प्राथमिकता दी गई है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस करते हुए समावेशी विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल सके। मध्यम वर्ग को कर राहत देने की व्यवस्था भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि बजट में आयकर व्यवस्था को सरल करते हुए सात लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर कर से राहत का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही स्टैंडर्ड डिडक्शन में बढ़ोतरी कर मध्यम वर्ग पर कर बोझ कम करने की कोशिश की गई है, जिससे आम परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। नेताओं के अनुसार बजट में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर प्रावधान किए गए हैं। इंटर्नशिप और पहली नौकरी के माध्यम से युवाओं को अवसर देने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे कार्यानुभव के साथ आत्मनिर्भर बन सकें। आवास क्षेत्र को मजबूती, नए घरों की योजना बजट में आवास क्षेत्र को गति देने के लिए बड़े पैमाने पर नए घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही होम लोन पर ब्याज में राहत की व्यवस्था कर आम लोगों के लिए घर खरीदना आसान बनाने का प्रयास किया गया है। भाजपा के विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बजट में कैंसर की दवाओं को सस्ता करने और देश में तीन नए एम्स की स्थापना की घोषणा की गई है। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज को सुलभ और किफायती बनाने में मदद मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा बजट में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सभी जिलों में बालिका छात्रावास की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। इससे छात्राओं को सुरक्षित आवास और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी। महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने कहा कि बजट में आर्थिक सुधारों और ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे घरेलू उद्योगों को मजबूती मिलेगी और देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। लोक-कल्याणकारी और ऐतिहासिक बताया गया बजट प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बजट को लोक-कल्याणकारी और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और अमृत काल में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विशवजिताशू सिंह ‘आशू’, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष चिरंजीवी चौरसिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।