भाजपा के नवनियुक्त जिला व महानगर अध्यक्ष का भव्य स्वागत:जिलाध्यक्ष बोले–  पार्टी संगठन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है

अयोध्या के सर्किट हाउस में भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं और जयकारों के बीच दोनों नेताओं का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर राधेश्याम त्यागी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में एक सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के बल पर बड़े पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और जीत दोहराएगी। कोरी समाज से जुड़े होने के बावजूद भाजपा की सूची में पासी उल्लेखित होने के प्रश्न पर त्यागी ने कहा कि भाजपा जाति आधारित राजनीति में विश्वास नहीं करती और “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम करती है। सूची में नाम को लेकर हुई भ्रम की स्थिति को उन्होंने “मिस प्रिंट” बताया। मिल्कीपुर उपचुनाव में टिकट न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को टिकट मांगने का अधिकार है, लेकिन टिकट न मिलने के बाद भी उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के लिए पूरी मेहनत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन इसी लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहा है। वहीं दोबारा महानगर अध्यक्ष बनाए जाने पर कमलेश श्रीवास्तव ने इसे प्रभु राम की कृपा बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की संस्कृति और परंपरा के साथ संगठन सभी वर्गों, युवाओं, किसान, महिला, व्यापारी और बुद्धिजीवी को जोड़ते हुए आगे बढ़ेगा। प्रभु राम की कृपा से दायित्व मिला है। संगठन को मजबूत कर हर वर्ग को साथ लेकर काम करेंगे।