शाहजहांपुर में भाजपा नेता दिवाकर सिंह के होटल पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने भाजपा नेता के गनर और एक कांस्टेबल से अभद्रता करने के आरोप में तीन आरोपियों पर भी केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद की गई है, और पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। तिलहर थाना क्षेत्र के बंथरा निवासी इंद्रजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नगरिया पुलिस चौकी के पास उनका ‘ब्रदर्स इन’ नाम से होटल है। 19 दिसंबर की रात उनके भाई भाजपा नेता दिवाकर सिंह, चचेरे भाई विक्रम सिंह और दिवाकर सिंह के गनर राहुल चौधरी होटल में मौजूद थे। तभी एक कार ने आकर होटल के बाहर रखी कुर्सी तोड़ दी। कार में तीन-चार लोग सवार थे। जब होटल के गार्ड मोहित ने टूटी हुई कुर्सी का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपी कार से उतरकर उसके साथ मारपीट करने लगे और उसे कार में डालकर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर दिवाकर सिंह अपने गनर के साथ बाहर आए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग गए। कुछ देर बाद, छह-सात आरोपी दो कारों में भरकर वापस आए। वे होटल के अंदर घुस गए और दिवाकर सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे और लोहे की रॉड से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पूरे होटल में तोड़फोड़ कर उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इंद्रजीत सिंह अपने बेटे के साथ होटल पहुंचे। हंगामे की खबर पर नगरिया पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल सुमित भी मौके पर आ गए। आरोपियों में अक्षय कदम, योगेश कदम (निवासी थाना सदर बाजार), ऋषभ तिवारी, आयुष मराठा और शिवांश मिश्रा शामिल थे। इन आरोपियों ने कांस्टेबल सुमित और दिवाकर सिंह के गनर राहुल चौधरी के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और उन्हें धमकाया। आरोपियों ने इंद्रजीत सिंह के बेटे स्वयं प्रताप सिंह को भी बुरी तरह पीटा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर तलाश की जा रही है। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने जब सभी को ललकारा तब आरोपी वहां से भागने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। उनके उपर कार चढ़ाने की भी कोशिश की, जिससे विक्रम सिंह के पैर में चोट आई है। आरोपी होटल बंद करने की धमकी दे रहे हैं और रिपोर्ट लिखाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पहले तो तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई कर छोड़ दिया गया था। लेकिन रविवार को जब होटल पर आरोपियों द्वारा किए गए तांडव के वीडियो सामने आए तो पुलिस की भी खूब फजीहत होने लगी। इसके बाद पुलिस ने रविवार को भाजपा नेता के भाई की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही दो पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता के वीडियो सामने आए। इसके बाद नगरिया पुलिस चौकी के इंचार्ज की ओर से तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर पांच और चौकी इंचार्ज की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।