देवरिया में भाजपा महिला पदाधिकारी मधु जायसवाल ने संपत्ति विवाद को लेकर कुछ लोगों पर दुकान पर चढ़कर धमकी देने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मधु जायसवाल के अनुसार, यह घटना 14 मार्च की सुबह हुई जब वह शहर के मालवीय रोड स्थित अपनी दुकान पर बैठी थीं। प्रेम कुशवाहा, विशाल चतुर्वेदी और गयासुद्दीन मंसूरी सहित करीब 12-13 लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर दुकान का शटर गिराकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और मोबाइल छीन लिया। जायसवाल ने यह भी कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। हालांकि, आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपियों ने मोबाइल वापस कर दिया। मधु जायसवाल ने बताया कि यह विवादित जमीन उनके पैतृक मकान से जुड़ी है। इस संपत्ति को लेकर पहले से ही न्यायालय में मुकदमा चल रहा है, जिसकी अगली सुनवाई 27 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायाधीश जूनियर डिवीजन कक्ष संख्या-10 देवरिया में होनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 में उनके भाई से धोखे से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने यह जमीन किसी अन्य को बेच दी। मधु जायसवाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह विधवा हैं और अपने पैतृक मकान में रह रही हैं, जिसके कारण उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।