भाजपा शासन में कानून का राज, अपराधियों में खौफ:अयोध्या में ओपी राजभर बोले- रोहिणी आयोग रिपोर्ट से पिछड़ों को हक मिलेगा

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में भयमुक्त वातावरण और कानून का राज स्थापित हुआ है। गुंडे, माफिया और दंगाई आज जेल की सलाखों के पीछे हैं, जबकि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में इन्हें संरक्षण मिलता रहा। वह कर्पूरी ठाकुर जयंती के अवसर पर कशेरुवा चौराहे पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राजभर ने कहा कि पिछड़ी जातियों को उनका वास्तविक हक दिलाने के लिए रोहिणी आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा। इससे पिछड़ा वर्ग आरक्षण में जातिवार न्यायसंगत बंटवारा संभव हो सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक पिछड़ी जातियों के वोट तो लिए गए, लेकिन उनके अधिकारों के लिए ईमानदार प्रयास नहीं किए गए। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए मताधिकार का राजनीतिक स्वार्थ में दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोहिणी आयोग का गठन कर पिछड़ों के हित में ठोस पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘सबका साथ, सबका विकास’ नीति की सराहना करते हुए राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार में जातिगत गणना की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट लागू होने के बाद छोटी-छोटी पिछड़ी जातियों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में दंगे नहीं हुए हैं और सख्त कार्रवाई से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की जीरो पॉवर्टी योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास, शौचालय, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और निःशुल्क शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जनसभा में अमरमणि कश्यप, प्रदेश संगठन मंत्री ओम प्रकाश पाल और जिलाध्यक्ष जे.पी. सेन सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एस.पी. सिंह नंद ने की, जबकि संचालन रमाकांत शर्मा ने किया।