झांसी में शनिवार को एक महिला पर उसके देवर ने चाकू से हमला कर दिया। उसने महिला के सीने, गले और हाथ पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर चाकू से सीना फाड़ दिया। इसके 7 घंटे बाद देवर थाने से करीब 100 मीटर दूर पेड़ से लटका मिला। सुबह महिला अपनी 5 साल की बेटी को तैयार कर रही थी। इसी बीच प्रेमी देवर घर में घुस आया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने चाकू से हमला बोल दिया। मां को घायल देखकर बच्ची घबराकर छत पर जा पहुंची। वह टीनशेड पर कूदकर चिल्लाने लगी- मेरी मम्मी को बचा लो। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देवर वहां से भाग चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है, करीब डेढ़ साल पहले महिला अपने देवर के साथ भाग गई थी। लेकिन बाद में उससे ब्रेकअप कर घर लौट आई थी। इसी बात से देवर नाराज चल रहा था। वारदात प्रेमनगर थाना क्षेत्र की है। अब पढ़िए विस्तार से पूरा मामला… डेढ़ साल पहले घर से भाग गए थे देवर-भाभी
माया देवी अपने पति राकेश साहू और 5 साल की बेटी के साथ नैनागढ़ में रहती हैं। राकेश साहू ने बताया- मैं लोडिंग गाड़ी चलाता हूं। मेरी शादी करीब 7 साल पहले माया से हुई थी। मोहल्ले में ही मेरी मौसी का बेटा महेंद्र साहू भी रहता है। महेंद्र और मेरी पत्नी के बीच अफेयर हो गया था, लेकिन यह बात मुझे पता नहीं थी। डेढ़ साल पहले मैं और महेंद्र अहमदाबाद की एक फैक्ट्री में साथ काम करते थे। एक दिन महेंद्र ने मुझसे कहा कि वह भाभी को लेने जा रहा है। वह झांसी आया और मेरी पत्नी को लेकर दिल्ली भाग गया। तब मुझे दोनों के अफेयर के बारे में पता चला। मेरे काफी समझाने के बाद पत्नी घर वापस आई थी। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों ने समझाया तो पत्नी मेरे साथ रहने के लिए मान गई। लेकिन, महेंद्र उसे अपने साथ रखने की जिद कर रहा था। 2 दिन पहले मारने की धमकी दी थी
राकेश साहू ने बताया- 2 दिन पहले महेंद्र का मेरे पास फोन आया। उसने कहा कि वह मुझे और पत्नी माया को मार देगा। इसके बाद हमने महेंद्र के बारे में जानकारी जुटाई। तब मुझे पता चला कि वह अहमदाबाद में है। इस पर हमने ज्यादा ध्यान नहीं दिया और बेफिक्र हो गए। लेकिन, शुक्रवार को ही वह झांसी आ गया था। शनिवार सुबह मैं गाड़ी लेकर निकल गया। मैं सुबह करीब 9 बजे आलू की बोरी रखने के लिए घर आया था। तब तक सब ठीक था। इसके बाद मैं दोबारा गाड़ी लेकर चला गया। पत्नी माया बेटी को आंगनबाड़ी भेजने के लिए तैयार कर रही थी। तभी महेंद्र चाकू लेकर वहां पहुंच गया। उसने दरवाजा खटखटाया, तो पत्नी ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद महेंद्र घर के अंदर घुस गया और अंदर से कुंडी बंद कर ली। फिर उसने चाकू निकालकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। यह देखकर मेरी बेटी घबरा गई और छत पर भागकर टीनशेड पर कूद गई। इसके बाद उसने पड़ोस की एक महिला को बताया कि अंकल चाकू से मां को मार रहे हैं, उन्हें बचा लो। तब आसपास के लोग घर पहुंचे। लेकिन, तब तक महेंद्र भाग चुका था। मेरी पत्नी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उसका इलाज चल रहा है। पेड़ से लटकर प्रेमी ने किया सुसाइड
पुलिस केस दर्ज करने के बाद आरोपी देवर महेंद्र की तलाश कर रही थी। इसी बीच प्रेमनगर थाने से करीब 100 मीटर दूर एक गली में पेड़ से एक शव लटका मिला। आस-पास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारा गया, तो उसकी पहचान आरोपी महेंद्र के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही महेंद्र के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। महेंद्र की भाभी ने बताया- उसकी शादी नहीं हुई थी। दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। आज सुबह उसने अपनी भाभी पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। 6 चाकू लगे, हालत नाजुक
मेडिकल कॉलेज के EMO डॉ. शमीम कुरैशी ने बताया- माया देवी को घायल हालत में पुलिस लेकर आई थी। उसके सीने, पेट, गर्दन, मुंह और हाथों पर चाकू से वार किए गए हैं। उसकी हालत बेहद नाजुक है। डॉक्टरों की देख-रेख में उसका इलाज किया जा रहा है। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया- परिजनों से शिकायत लेकर केस दर्ज किया गया था। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी थीं। इसी बीच आरोपी ने आत्महत्या कर ली। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। —————————- यह खबर भी पढ़ें.. इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर को 14 चाकू मारे, सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े हमला, योगी बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं गाजियाबाद में इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गला रेतने की कोशिश की। चीखने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। पढ़िए पूरी खबर..