‘भीख से सीख’ बच्चे गणतंत्र दिवस परेड में होंगे शामिल:संभल डीएम ने की मुलाकात, राजभवन लखनऊ में करेंगे प्रतिभाग

संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सोमवार को ‘उम्मीद संस्था’ के ‘भीख से सीख की ओर’ कार्यक्रम से जुड़े बच्चों से मुलाकात की। ये बच्चे, जो पहले भीख मांगकर जीवन यापन करते थे, अब संस्था के प्रयासों से शिक्षा और अनुशासन के माध्यम से मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उम्मीद संस्था की कार्यक्रम प्रमुख डॉ. रैना शर्मा ने बताया कि इन बच्चों को आगामी गणतंत्र दिवस पर राजभवन, लखनऊ में होने वाली परेड में शामिल होने के लिए चुना गया है। यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त उदाहरण है। ये बच्चे पिछले डेढ़ महीने से पुलिस लाइन में परेड का अभ्यास कर रहे हैं। वे मंगलवार को लखनऊ के लिए रवाना होंगे। जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके प्रशिक्षण, दिनचर्या और तैयारियों के संबंध में विस्तृत बातचीत की। उन्होंने बच्चों में दिखे आत्मविश्वास, अनुशासन और कड़ी मेहनत की सराहना की। इस मुलाकात के दौरान बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से देखी गई। जिलाधिकारी का यह संवाद उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। ‘भीख से सीख की ओर’ कार्यक्रम वंचित बच्चों को शिक्षा और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर उम्मीद संस्था से गौरव तथा गिहार बस्ती से विपिन, समीर और भरत भी उपस्थित थे।