अलीगढ़ के पालीमुकीमपुर थाना अंतर्गत एक गांव में अंधविश्वास की आड़ में महिला के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि भूत-प्रेत उतारने के बहाने एक बाबा ने महिला को अपने मठ पर बुलाया और वहां नगीन की धुन पर वह 40 सेकंड तक चुंबन करता रहा। हालांकि, बाबा की अश्लीलता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
झाड़-फूंक के नाम पर बुलाया मठ सीओ संजीव तोमर के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बाबा का वीडियो वायरल हो रहा है। जांच में पता चला कि बाबा ने महिला को अपने मठ में यह कहकर बुलाया कि उस पर किसी प्रकार की बाधा है, जिसे वह उतार सकता है। बताया जा रहा है कि अंधविश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी बाबा नागिन की धुन पर महिला के साथ चुंबन करता है। 40 सेकंड तक वह महिला से अश्लील हरकत करता है। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप सीओ ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर आक्रोश जता रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली-जांच के बाद होगी कार्रवाई सीओ ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने कहा कि संबंधित थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उनके अनुसार, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो की पुष्टि करने और पीड़िता से संपर्क कर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। अंधविश्वास का फायदा उठाते हैं पाखंडी इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर चल रही गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई लोग ऐसी मान्यताओं पर विश्वास कर लेते हैं, जिसका फायदा कुछ लोग उठा लेते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।