‘मंकी मैन’ THAR पर चढ़कर माघ मेले में पहुंचे:किसान नेताओं की ASP से धक्का-मुक्की, त्रिशूल लहराते पहुंचे नागा साधु

प्रयागराज माघ मेले में आज मकर संक्रांति का स्नान पर्व है। संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। शाम 6 बजे तक 91 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। प्रशासन के मुताबिक, आज करीब डेढ़ करोड़ श्रद्धालु स्नान करेंगे। THAR से पहुंचे दो मंकी मैन ने सभी का ध्यान खींच लिया। दोनों युवक बंदर के गेटअप में कार की छत पर बैठकर मेले में पहुंचे। वे बंदरों जैसा ही बर्ताव करते हुए नमकीन खा रहे थे। वहां मौजूद लोग उनकी फोटो और वीडियो बनाने लगे। जूना अखाड़े के नागा संन्यासी हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए घाटों पर पहुंचे। तलवार-त्रिशूल और डमरू लहराकर संगम में डुबकी लगाई। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं ने एएसपी संजय कुमार से धक्का-मुक्की की। एक युवक को पीट दिया। सुबह 4 बजे से ही लोग जय गंगा मैया उद्घोष के साथ स्नान कर रहे। संगम पर इतनी भीड़ है कि पैर रखने की जगह नहीं है। स्नान के बाद श्रद्धालु लेटे हनुमान जी के दर्शन भी कर रहे हैं। भीड़ को देखते हुए अक्षयवट के दर्शन फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा, नावें भी नहीं चल रही हैं। बाढ़ में गंगा की पूजा करके चर्चा में आए दरोगा चंद्रदीप निषाद ने पत्नी का हाथ पकड़कर संगम में डुबकी लगाई। माघ मेले में सुरक्षा को लेकर यूपी एटीएस समेत करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। सात सेक्टरों में बांटे गए मेला क्षेत्र में 8 किमी में अस्थायी घाट बनाए गए हैं। मकर संक्रांति पर माघ मेले की तस्वीरें देखिए… माघ मेले से मकर संक्राति पर स्नान से जुड़े अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…