मंत्री दयाशंकर सिंह की शिक्षक से बहस, VIDEO:गोरखपुर में टीचर सुसाइड केस में ज्ञापन देने पहुंचे थे, बैठक में आए थे मंत्री

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह का एक वीडियो सामने आया है। इस 16 सेकंड के वीडियो में मंत्री एक शिक्षक पदाधिकारी को डांटते दिख रहे हैं। उन्हें अपनी सीमा में रहने की नसीहत दे रहे हैं। यह घटना गोरखपुर में एक शिक्षक की आत्महत्या के प्रकरण से जुड़ी है। मामला 25 फरवरी का है। प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह गोरखपुर में दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करने आया था। शिक्षक प्रतिनिधिमंडल गोरखपुर में हुई शिक्षक आत्महत्या के मामले की निष्पक्ष जांच और शिक्षकों की अन्य समस्याओं को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपना चाहता था। बातचीत के दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। शिक्षक अपनी बात रखने का प्रयास करते हैं, तो मंत्री उसे बीच में ही टोकते हुए अपनी सीमा में रहने को कहते हैं। वीडियो में मंत्री शिक्षक को कमरे से बाहर जाने के लिए भी कहते सुनाई दे रहे हैं, जबकि शिक्षक बार-बार अपनी बात रखने का आग्रह करता रहता है। शिक्षक संगठनों के कुछ पदाधिकारियों ने इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। हालांकि, इस मामले में प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।