बलिया के आशीर्वाद गार्डन में रविवार शाम साहू हितकारिणी समिति का वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु जी’ ने समाज को राजनीति में आगे आकर अपना स्थान लेने का आह्वान किया। मंत्री राठौर ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब वह राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे राजनीति में आगे बढ़कर पूरे समाज और देश का नाम विश्व में रोशन कर रहे हैं, जिससे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री सिद्ध गोपाल साहू ने स्वीकार किया कि समाज ने पहले की तुलना में हर क्षेत्र में प्रगति की है, लेकिन अभी भी अधिक प्रयासों की आवश्यकता है। वहीं, विशेष जिला जज लखनऊ अरुण कुमार गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षित कर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने से ही समाज का उत्थान होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने समिति के बहुउद्देशीय भवन का शिलान्यास किया। साथ ही, समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया गया। मंत्री ने बलिया जनपद की 6 तहसीलों की आर्थिक रूप से कमजोर 12 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं। साहू समाज के बच्चों और बच्चियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में अरविंद गांधी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार साहू और महामंत्री विजय शंकर गुप्ता की टीम ने स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम और पुष्प भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया। युवा अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता ने अपनी टीम (सुमित गुप्ता, विजय गुप्ता, विमल गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता) के साथ अतिथियों का स्वागत किया, जबकि महिला अध्यक्ष उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता ने अपनी टीम के साथ यह जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण कुमार गुप्ता ने की और संचालन विजय शंकर गुप्ता ने किया। इस दौरान व्यापारी नेता अरविंद गांधी, राम जी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, शंभू गुप्ता, मनोरमा गुप्ता, दिलीप गुप्ता सहित कई प्रमुख व्यक्तियों ने भी संबोधित किया। समिति के वीरेंद्र गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, विजय प्रकाश गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, संतोष गुप्ता, मोहन गुप्ता, संजय गुप्ता और गुलाबचंद गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।