गुरु गोरखनाथ कामधेनु गौ सेवा समिति ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समिति ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि लिसाड़ी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास बिना लाइसेंस के मीट की दुकानें खोली गई हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। समिति के अध्यक्ष सुशील वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया। ज्ञापन में बताया गया कि पहलाद नगर, लिसाड़ी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास हाजी शादाब द्वारा ‘महक चिकन’ और ‘मदीना चिकन’ नाम से मीट की दुकानें संचालित की जा रही हैं। समिति ने दावा किया कि इन दुकानों के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दुकानों के संचालन से सनातन धर्म के अनुयायियों और हनुमान भक्तों की भावनाएं आहत हो रही हैं, और इससे क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। समिति ने जिलाधिकारी से तत्काल इन दुकानों को हटाने और दुकान संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समिति इस मामले में प्रशासन तुरंत कार्रवाई करें नहीं तो उनकी समिति द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।