बदायूं में साईं मंदिर के पुजारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव मंदिर के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। दोनों पैर गमछे से बंधे थे। गर्दन पर चादर लिपटा हुआ था। जब सुबह लोग दर्शन के लिए आए, तो घटना की जानकारी हुई। लोगों ने मंदिर कमेटी को बताया। कमेटी वाले मौके पर पहुंचे और पुजारी को लेकर अस्पताल भागे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर प्रभारी एसएसपी डॉ. हृदयेश कठेरिया, एसपी सिटी विजेंद्र द्विवेदी फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। लूट के बाद हत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने मंदिर के सामानों और भगवान के गहनों को चेक किया गया। इस दौरान चांदी के दो मुकुट गायब पाए गए। पुलिस ने लूट-हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच से लग रहा है कि बदमाश मंदिर के छत से अंदर घुसे होंगे। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी के पास बनी सर्वेश्वर श्रीसाईं मंदिर का है। जानिए पूरा मामला… मंदिर में छत पर बने कमरे में ही रहते थे
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के कल्लिया काजमपुर गांव के रहने वाले मनोज शंखधारा (35) करीब 8 सालों से मंदिर में पूजा–पाठ करते थे। मनोज शंखधारा मंदिर में ही पहले फ्लोर पर बने एक कमरे में रहते थे। मंदिर प्रबंधन उन्हें 5700 रुपए प्रतिमाह मानदेय देता था। दिनभर पूजा-पाठ और प्रसाद वितरण के बाद वे रात में छत के कमरे में सोते थे। सोमवार सुबह साढ़े छह बजे जब भक्त मंदिर पहुंचे तो मेन गेट खुला मिला, लेकिन पुजारी नजर नहीं आए। आवाज लगाने पर जब लोग छत वाले कमरे तक पहुंचे, तो बेड पर उनका शव पड़ा था। लोगों ने मंदिर कमेटी को घटना की सूचना दी। कमेटी के लोग पहुंचे और मनोज को लेकर अस्पताल गए। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोरेंसिक टीम ने कमरे, छत और मंदिर परिसर से सबूत जुटाए। प्रारंभिक जांच में लूट की बात सामने आ रही है। हालांकि, अधिकांश सामान सुरक्षित मिला है। कई पहलुओं पर जांच चल रही है। चांदी के दो मुकुट नहीं मिले
मंदिर प्रबंधक सुरेंद्र वैश्य ने बताया कि मंदिर से साईं बाबा के माथे का चांदी का मुकुट और एक गुरुजी का मुकुट नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा- मैं सुबह 6:15 बजे मंदिर पहुंचा तो दरवाजा खुला था। संभव है कि यह दोनों मुकुट मंदिर परिसर में कहीं रखे हों, जिसकी तलाश कराई जा रही है। SOG और सर्विलांस टीम जांच में जुटी
एसओजी, फोरेंसिक और सर्विलांस टीमें जांच में लगाई गई हैं। एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। हादसे की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द अनावरण किया जाएगा। 40 साल पुराने मंदिर में पहली बार वारदात
खेड़ा बुजुर्ग गांव स्थित यह मंदिर करीब 40 साल पहले सुरेंद्र वैश्य ने स्थापित कराया था। वर्ष 2019 में इसे ट्रस्ट में बदल दिया गया। यहां साईं बाबा सहित कुल 15 देवी–देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर का ढांचा ऐसा है कि मुख्य गेट से अंदर जाकर दाईं ओर बरामदा है। वहीं से सीढ़ियां छत पर जाती हैं। छत पर बने कमरे को ही पुजारी का निवास बनाया गया था। पहली बार मंदिर में इस तरह की वारदात होने से गांव में दहशत का माहौल है। डीवीआर व चांदी का मुकुट गायब
प्रभारी एसएसपी ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पुजारी की हत्या कर दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट भी बुला ली गई। पुजारी की हत्या गला दबाकर की गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। डीवीआर व चांदी का मुकुट गायब है। अन्य सामान सुरक्षित है। टीमों का गठन कर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुजारी के शव का 3 डाक्टर्स के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। फिर भी बिसरा प्रिजर्व किया गया है। पुजारी के सीने पर भी चोट की पुष्टि हुई है। ————————————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- दरोगा देवर की शादी से पहले भाभी का सुसाइड:जालौन में बेटियों के साथ कमरा बंद करके आग लगाई, तीनों की मौत जालौन में एक महिला ने दरोगा देवर की शादी से 2 दिन पहले दो बेटियों के साथ सुसाइड कर लिया। उसका किसी बात को लेकर पति से झगड़ा हुआ। इसके बाद बेटियों और खुद को कमरे में बंद कर लिया और डीजल उड़ेलकर आग लगा ली। आग में तीनों की जलकर मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…