फर्रुखाबाद में विशेष वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची से 2,90,824 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। मंगलवार को आलेख प्रकाशन के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार, सदर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक मतदाताओं के सूची से हटे हैं। जिले में मतदेय स्थलों पर पहले 13,98,009 मतदाता पंजीकृत थे। मैपिंग प्रक्रिया के बाद 11,07,185 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। इस अभियान के तहत ‘एएसडी’ (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान की गई थी। आलेख प्रकाशन के बाद 2,90,824 मतदाताओं को सूची से बाहर कर दिया गया है। हालांकि, लगभग 68,000 मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है, जिन्हें नोटिस भेजे जाएंगे। इन मतदाताओं को दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए भी समय दिया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 13,98,009 मतदाताओं में से 11,07,185 को डिजिटाइज किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 68,310 ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए थे जो ‘नो मैपिंग’ के दायरे में थे और उन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट सभाकर में डीएम ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें सूची के बारे में बताया।