मथुरा के यमुना में मिले शव की हुई शिनाख्त:युवक कन्नौज का रहने वाला है, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया

मथुरा के गोकुल बैराज के पास यमुना नदी में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक विनोद कुमार (वयस्क) के रूप में शिनाख्त हुई, जो कन्नौज के थाना सोरिख क्षेत्र के गांव रौशन का रहने वाला था और मथुरा में रिक्शा चलाता था। पुलिस को गोकुल बैराज के पास यमुना नदी में शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को बाहर निकालकर मॉर्च्युरी में रखवाया गया, क्योंकि प्रारंभ में पहचान नहीं हो पाई थी। तलाशी के दौरान मृतक के पास पाया गया आधार कार्ड पुलिस के लिए पहचान का माध्यम बना। परिजनों ने मॉर्च्युरी पहुंचकर शव की पुष्टि की। परिजनों ने बताया कि विनोद 3 जनवरी को अपने गांव से मथुरा आया था और यमुनापार क्षेत्र में किराए पर रिक्शा चलाता था। रिक्शा मालिक ने पुलिस और परिजनों को पहले ही बताया था कि कुछ दिन पहले रिक्शा पुल के पास खड़ा मिला था, लेकिन विनोद लापता था। वहीं अन्य रिक्शा चालकों ने बताया कि विनोद नशे का आदी था और अक्सर कहीं भी सो जाता था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान वह यमुना में गिर गया होगा। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर कन्नौज रवाना हो गए, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और किसी भी आपराधिक कृत्य की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया गया है।