मथुरा में शनिवार देर रात एक युवक ने सड़क पर चलती गाड़ियों पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। युवक ने सबसे पहले चलती बाइक पर पथराव किया। कई बाइक सवार गिरते-गिरते बचे। इसके बाद उसने कार और बड़ी गाड़ियों के सामने आकर बवाल किया। युवक ने कार पर पत्थर मारे। उनकी हेडलाइट्स और शीशे तोड़ दिए। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के घरों में रहने वाले लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि युवक काफी देर तक सड़क पर हंगामा करता रहा। वह आने-जाने वाले वाहनों को रोकने की कोशिश कर रहा था। अचानक पत्थरबाजी करने लगा। कई वाहन चालकों ने डर के कारण अपनी गाड़ियां रोक दीं या रास्ता बदल लिया। इसी दौरान युवक ने तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस पर पत्थर मारने की कोशिश की। अचानक उसके सामने आ गया। बस ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, लेकिन तब तक बस युवक के ऊपर चढ़ चुकी थी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस ड्राइवर ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक का नाम महेश है। आगरा का रहने वाला है। उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। शराब के नशे में उसने हंगामा किया। महेश मथुरा कैसे पहुंचा, उसके घरवाले कहा है, पुलिस जांच कर रही है। घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र की है। सबसे पहले दो तस्वीरें- अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला स्कूटी से गुजर रहे दंपति पर फेंका पत्थर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महेश शनिवार को घूमते हुए रात 12 बजे के करीब पुलिस लाइन गेट के सामने पहुंचा। वह शराब के नशे में था। उसने हाथ में ईंट-पत्थर ले रखे थे। रास्ते में जो भी लोग उसके पास से गुजर रहे थे। वह पत्थर लेकर उन्हें मारने के लिए दौड़ रहा था। उसने स्कूटी से गुजर रहे दंपति पर पत्थर फेंके। हालांकि, वे बच निकले। कार वाले ने हटने को बोला तो शीशे तोड़े
थोड़ी देर बाद एक कार वहां से गुजरी। वह गाड़ी के आगे खड़ा हो गया। ड्राइवर ने उसके हाथ में पत्थर देखते ही कार रोक दी। उसने गाड़ी के अंदर से ही आवाज लगाकर उसे हटने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। ड्राइवर ने जैसे ही दरवाजा खोला उसने कार के शीशे पर पत्थर चला दिया। कार का शीशा टूट गया।
बस पर पत्थर फेंकने दौड़ा, नीचे आया
महेश काफी देर तक सड़क पर इधर उधर भागता रहा। लोग उसके हाथ में पत्थर देखकर इधर उधर भागने लगे। तभी एक तेज रफ्तार बस गुजरी। बस को देखकर महेश पत्थर लेकर मारने दौड़ा। उसका बैलेंस बिगड़ गया। जब तक ड्राइवर ब्रेक लगाता। वह बस के नीचे आ चुका था। लोगों ने देखा तो उसे बचाने दौड़े। बस ड्राइवर भी नीचे उतरा। फौरन पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचते ही एम्बुलेंस से लोग महेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पर उसे भर्ती कराया गया। उसके सिर और हाथ पैर में चोट आई है। उसका इलाज चल रहा है। सिर और पैर में आई चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज
डॉक्टरों का कहना है कि उसे जब अस्पताल लाया गया था तो शराब के नशे में था। उसने अपना नाम और पता बताया। जब उससे पूछा गया कि यहां कैसे पहुंचा तो उसने बताया कि उसे कुछ याद नहीं है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। ——————— ये खबर भी पढ़ें- मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर 6 की मौत, कंटेनर ने रौंदा:बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे; चेहरे कुचले, स्वेटर से पहचान
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस से उतरकर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में 6 की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। घटना शनिवार तड़के 2.45 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने ड्राइवर को बाथरूम के लिए बस रोकने को कहा। ड्राइवर ने ग्रीन जोन की बजाय रास्ते में बस रोक दी। पढ़िए पूरी खबर…