मथुरा में बीड़ी ब्रांड 555 के मालिक का मर्डर:बेटे ने सीने में मारी गोली, फिर पिस्टल से खुद की कनपटी पर फायर किया

मथुरा के वृंदावन में करोड़पति बीड़ी कारोबारी के बेटे ने पिता की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी, फिर अपनी कनपटी में पिस्टल से गोली मारकर जान दे दी। आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो दोनों खून से लथपथ कमरे में पड़े थे। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बेटे की शराब की आदत पिता को पसंद नहीं थी। शुक्रवार देर रात शराब पीने से रोकने पर गुस्से में बेटे ने वारदात की, फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। वारदात वृंदावन इलाके के गौरा नगर कॉलोनी में हुई। सुरेश चंद्र फेमस बीड़ी ब्रांड दिनेश बीड़ी/ 555 बीड़ी के मालिक थे। उनका कारोबार कई राज्यों में फैला हुआ था। 3 तस्वीरें देखिए… अब विस्तार से पढ़िए…. वृंदावन के गौरा नगर कॉलोनी के रहने वाले सुरेश चंद्र अग्रवाल (75) बीड़ी के बड़े कारोबारी थे। परिवार में पत्नी आशा (70) और तीन बेटे- दिनेश, नरेश और महेश हैं। तीनों बेटों की शादी हो चुकी हैं। दिनेश अपनी पत्नी रश्मि और बच्चों के साथ कोलकाता की बीड़ी फैक्ट्री संभालते हैं। दरअसल, सुरेश चंद्र ने अपने बड़े बेटे के नाम से ही दिनेश बीड़ी नाम से कारोबार शुरू किया था, फिर धीरे-धीरे कई राज्यों में अपना कारोबार फैला लिया। 555 बीड़ी ब्रांड उनका सबसे फेमस ब्रांड है। उनका मंझला बेटा नरेश (50) और सबसे छोटे महेश, वृंदावन में ही रहकर कारोबार संभालते। नरेश और पत्नी अंशु को एक बेटा और बेटी हैं। बेटी श्रेया मुरादाबाद में मेडिकल की पढ़ाई करती है, तो बेटा शौर्य बेंगलुरु में बीटेक कर रहा। जबकि महेश अग्रवाल की बेटी रिया और बेटा कृष्णा बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पत्नी आशु साथ रहती है। पिता की हत्या के बाद घबराकर खुद को मारी गोली
घरवालों के अनुसार, शुक्रवार रात 9 बजे घर पर नरेश शराब पी रहा था। पिता सुरेश चंद्र अग्रवाल को बेटे नरेश की शराब पीने की आदत पसंद नहीं थी। रात में भी उन्होंने बेटे को शराब पीने पर टोका। यह बात नरेश को नागवार लगी, फिर वह पिता से झगड़ने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में नरेश ने 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से पिता को गोली मार दी। बुलेट उनके सीने में लगी। सुरेश चंद्र जमीन पर गिर पड़े। यह देखकर नरेश घबरा गया और आत्मग्लानि में उसने खुद को भी गोली मार ली। वह भी जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े पहुंचे। देखा तो बाप-बेटे जमीन पर अचेत पड़े थे। परिजन दोनों को वृंदावन के राम कृष्ण मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची। उस कमरे की बारीकी से जांच की, जहां दोनों खून से लथपथ मिले थे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। कई राज्यों में करोड़ों की प्रॉपर्टी
व्यापारी नेता भीमसेन अग्रवाल बताते हैं- सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बेटों के साथ मिलकर बीड़ी कारोबार को कई राज्यों में फैलाया। बड़े कारोबारी के रूप में अलग पहचान बनाई। उन्होंने मथुरा-वृंदावन ही नहीं, पश्चिम बंगाल में भी प्रॉपर्टी में बड़े निवेश किए थे। वहां उनकी कई बेशकीमती जमीनें हैं, कीमत अरबों में बताई जाती है। व्यापारी नेता धनेंद्र अग्रवाल ने बताया- नरेश ड्रिंक कर रहा था। उसके पापा ने रोका तो झगड़ा हो गया। झगड़े में उसने पिस्टल निकाल ली। पहले गोली पिता को मार दी। फिर खूद भी मार लिया। इनका कारोबार कम से कम 40 से 50 साल पुराना है। छोटी-छोटी बात पर तैस में आ जाता था नरेश भतीजा राकेश अग्रवाल ने बताया, ‘घर पर बाप-बेटे में झगड़ा हुआ था। फिर बेटे ने चाचा की हत्या कर दी, फिर खुद भी गोली मार ली। वही, पड़ोसियों ने बताया- कारोबारी बहुत ही मिलनसार थे। वह सभी से सहजता से घुल-मिल जाते थे। उनका बेटा नरेश आक्रामक स्वभाव का था, छोटी-छोटी बात पर तैस में आ जाता था। उसमें शराब पीने की भी लत थी। हालांकि, इन सब के बावजूद नरेश सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहा था। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया- बेटे ने अपने पिता की हत्या कर खुद भी गोली मार ली। दोनों में घर पर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों के शवों को रामकृष्ण मिशन अस्पताल में लाया गया है। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इन लोगों का दिनेश बीड़ी के नाम से बड़ा कारोबार है। ———— ये भी पढ़ें- ‘रवि किशन को गोली मार दूंगा, आओ बिहार’:खेसारी के सपोर्टर ने दी धमकी; बोला- यादवों पर टिप्पणी करते हो, राम मंदिर गलत बना भोजपुरी एक्टर और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम और पता भी बताया। कहा, मैं बिहार के आरा जिले के जवनियां गांव का अजय कुमार यादव हूं। उसने RJD उम्मीदवार और भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव व राम मंदिर का जिक्र करते हुए धमकाया। कहा- रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूंगा। चाहे मुझे फांसी हो जाए। मेरे पास पूरी कुंडली है। उसने गालियां भी दीं। पढ़िए पूरी खबर…