मथुरा में युवक ने सुसाइड किया:घर में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला शव, पुलिस कर रही जांच

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित आकाश विहार कॉलोनी में मंगलवार को एक युवक का शव कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के दमोह जिले के निवासी सरवन के रूप में हुई है। वह मथुरा में मजदूरी करता था और आकाश विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। पड़ोसियों को कमरे में संदिग्ध स्थिति का आभास होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही तारसी चौकी प्रभारी नितिन राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर युवक का शव दुपट्टे से लटका पाया। शव को नीचे उतारकर घटनास्थल की जांच की गई। जांच के दौरान मृतक के सामान से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट की लिखावट इतनी अस्पष्ट है कि उसे ठीक से समझ पाना मुश्किल हो रहा है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट को समझने का प्रयास कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।