क्रिसमस का पावन पर्व मथुरा में श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं, भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रभु यीशु मसीह का जन्म दिवस हर्षोल्लास से मनाया। पास्टर इंचार्ज रेव्ह. श्रीपाल ने प्रेम, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए क्रिसमस संदेश दिया। इस अवसर पर सद्भावना फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष दयाल ने भी सभी को शुभकामनाएं दीं और मानवता व भाईचारे की सीख साझा की। कार्यक्रम में रेजी विलियम, अलका, ए. मसीह, राजीव और राजमसीह ने विशेष गीत प्रस्तुत किए, जबकि राजमसीह ने प्रार्थना के साथ कव्वाली पेश की। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विराट, अभिषेक, हिमांशु सिंह और जैरेश ने संभाली, और क्रिसमस भंडारे की देखरेख अर्जुन, अनूप और विकास ने की। इसके अलावा, सीएनआई चर्च केंट और सैक्रेड हार्ट चर्च में भी प्रार्थना सभा आयोजित हुई, जिसमें रेव्ह. रोड्रिक विक्टर और फादर एलयास कोरिया ने लोगों को क्रिसमस संदेश दिया। इन कार्यक्रमों में सुदीप मैसी, राकेश मसीह, विकास, आशा अल्बर्ट, इंदु, सैमुएल, रीमा, शैलेंद्र, अभिषेक, मार्गरेट, रवनीत, राहुल मैसी, एरोन, विशाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।