मथुरा में 50 साल पुरानी पानी की टंकी ध्वस्त:बलदेव के मेला फील्ड में नियंत्रित तरीके से गिराई गई

मथुरा के बलदेव स्थित मेला फील्ड में 50 वर्ष से अधिक पुरानी जर्जर पानी की टंकी शुक्रवार शाम ध्वस्त कर दी गई। यह टंकी लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में थी। इसे गिराने का कार्य गुरुवार को शुरू किया गया था। शुक्रवार को दो-तीन जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की सहायता से टंकी को नियंत्रित तरीके से गिराया गया। टंकी के धराशायी होते ही तेज आवाज के साथ चारों ओर धूल का गुबार छा गया। जर्जर टंकी को गिरते देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर नगर पंचायत ने दो एंबुलेंस, बिजली विभाग की टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर मुस्तैद रखा। चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल और ईओ संजय कुमार ने बताया कि टंकी अत्यंत जर्जर अवस्था में थी और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। इसलिए इसे गिराना आवश्यक था। उन्होंने सुरक्षित तरीके से टंकी ध्वस्त होने पर राहत व्यक्त की। टंकी को ध्वस्त करने के कार्य की देखरेख ठेकेदार मोहम्मद मुशर्रफ कुरैशी (फरह) ने की। यह उनकी 25वीं टंकी है जिसे उन्होंने सुरक्षित रूप से गिराया है। उनके सहयोगी बादशाह, वकील कुरैशी और राजेंद्र सिंह भी मौके पर निगरानी में मौजूद रहे। इस दौरान सुनील पांडेय, मनीष शर्मा, गोकुलेश पांडेय, श्याम सुंदर पांडेय, बालकृष्ण पाठक, श्रीकृष्ण पांडेय, रमेश चंद्र सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। टंकी के ध्वस्त होने से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर संतोष और राहत का माहौल है।