मथुरा में 60 लाख के आभूषण चोरी:बंद मकान के ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम

मथुरा शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। यह वारदात गुरुनानक नगर स्थित शिवताल कुंड के पास एक निजी कंपनी के मैनेजर देवेंद्र शर्मा के घर में हुई। परिवार की अनुपस्थिति में चोरों ने घर के ताले तोड़े और वारदात को अंजाम दिया। शिवताल कुंड निवासी देवेंद्र शर्मा गुड़गांव में एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। वह मंगलवार को छुट्टियां बिताकर गुड़गांव लौट गए थे। बुधवार को उनकी पत्नी ने घर में ताला लगाकर चाबी पड़ोसी को सौंपी और अपने मायके वृंदावन चली गईं। शुक्रवार सुबह पड़ोसी ने घर का ताला टूटा हुआ देखकर देवेंद्र शर्मा की पत्नी को सूचना दी। सूचना मिलने पर देवेंद्र शर्मा की पत्नी जब घर पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखे कीमती जेवरात गायब थे। चोरी हुए आभूषणों में दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, 14 सोने की चूड़ियां, एक सोने का सेट, सात सोने की अंगूठियां, तीन जोड़े झुमकी, कुंडल, नथ, पायल और सोने-चांदी के सिक्के शामिल हैं। हालांकि, अलमारी में रखे करीब 60 हजार रुपए नकद सुरक्षित मिले। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। देवेंद्र शर्मा शुक्रवार शाम मथुरा पहुंचे और कोतवाली में चोरी की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।