यूपी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। गाजियाबाद, हाथरस, संभल और नोएडा में देर रात आंधी के साथ बारिश हुई। मथुरा में तेज आंधी से सड़क पर लगे होर्डिंग गिर गए। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल भी उखड़ गए। खड़ी फसलों को भी नुकसान हुआ है। एक मकान की छत ढह गई। संभल में भी तेज आंधी चली। गाजियाबाद में रात में रुक-रुक कर बारिश हुई। गुरुवार सुबह भी हल्की बूदांबादी हुई। मौसम विभाग ने 3 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है। यहां 24 घंटे में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। नोएडा में भी सुबह से बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को प्रदेश के 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक यानी 21 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कल यानी बुधवार की बात करें, तो बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री दर्ज किया गया। बुलंदशहर और आगरा में धूल भरी आंधी चली। आंधी-बारिश के विजुअल देखिए… क्यों बदला मौसम, जानिए
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- आज से अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर यूपी तक दिख रहा है। इसके चलते मौसम में बदलाव हुआ है। 20 मार्च से इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। बारिश से अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम 20 मार्च – पूरे प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। ओले भी गिरने की संभावना है। 21 मार्च – पश्चिमी-पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 22 मार्च – पश्चिमी-पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलेंगी। गेहूं, अरहर को होगा नुकसान, कैसे बचान करें
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवा का असर रबी, जायद और बागवानी फसलों पर पड़ सकता है। इस समय अरहर, सरसों, चना, मटर, मूंग और मूंगफली में फलियां बन रही हैं। दाने भर रहे हैं। तेज हवा चलने से फलियां फट सकती हैं। दाने झड़ सकते हैं। गेहूं की फसल भी तेज हवा से गिर सकती है, जिससे पैदावार कम होने का खतरा है। सब्जियों में भिंडी, टमाटर, लौकी, खीरा, तरबूज, खरबूजा, बैंगन और मिर्च के फूल और छोटे फल गिर सकते हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि जो फसल पक चुकी है, उसकी तुरंत कटाई कर लें और उसे सुरक्षित जगह पर रखें। खेतों में पानी जमा न होने दें, इसके लिए जल निकास की सही व्यवस्था करें।
————————- मौसम से जुड़ी हुई ये खबर भी पढ़ें- राजस्थान-MP में बारिश और ओले गिर सकते हैं:हरियाणा में बारिश से सड़कें डूबीं; उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में बर्फबारी
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। राजस्थान में जयपुर सहित कई शहरों में बुधवार देर रात से ही घने बादल छाए हुए हैं। 20 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। ठंडी हवाएं चलने से तापमान 2 से लेकर 9 डिग्री तक गिर गया। पढ़ें पूरी खबर