महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मथनियां पूरब टोला में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। तख्ते को लेकर हुए झगड़े में एक देवर ने अपनी भाभी को आग लगाने का प्रयास किया, जिससे महिला झुलस गई। सुनीता (33) पत्नी वीरेन्द्र, अपने घर पर थीं। आरोप है कि उनके देवर सोनू (26) ने उनसे एक तख्ता मांगा था। तख्ता न देने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर सोनू ने कथित तौर पर तख्ते में आग लगा दी, जिसकी चपेट में आने से सुनीता के पैर झुलस गए। परिजनों ने तत्काल सुनीता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सुनीता की शादी लगभग 12 साल पहले हुई थी और उनका एक 11 साल का बेटा भी है। आरोपी देवर सोनू भी शादीशुदा है। इस घटना से परिवार में तनाव का माहौल है। सिंदुरिया थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तख्ते को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपी सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।