महराजगंज में युवक की मौत:बाइक पेड़ से टकराने पर हादसा, दो गंभीर घायल; अस्पताल में भर्ती

निचलौल थाना क्षेत्र के सेमरहना नहर पुल के पास रविवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। कोहरे के कारण अनियंत्रित हुई बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसमें तीन युवक सवार थे। इस दुर्घटना में बाइक चालक राहुल (मनोज का पुत्र, निवासी सिसवा नौका टोला) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में प्रिंस (शैलेश का पुत्र, 18 वर्ष) और भोलू (मनोज का पुत्र, 21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम टोंगरी, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। प्रिंस की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। भोलू को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, राहुल रविवार को अपनी पत्नी को पहली बार टोंगरी गांव लेकर आया था। वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में घना कोहरा दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।