महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पनियरा-कैंपियरगंज मार्ग पर ग्राम पंचायत डिंगुरी स्थित एक बागीचे के पास सड़क किनारे खड़ी धान लदी ट्राली से एक बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों का अस्पताल में जमावड़ा लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क किनारे एक धान लदी ट्राली खड़ी थी। इसी दौरान करमहिया निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह (पुत्र रामकेवल) और फरेंदा निवासी 28 वर्षीय सनी शर्मा (पुत्र संतोष) अपनी बाइक से मजूरी की ओर जा रहे थे। सनी शर्मा वर्तमान में बसडीला स्थित अपने ननिहाल में रहकर करमहिया तिराहे पर सैलून की दुकान चलाते थे। अंधेरा होने और ट्राली पर कोई संकेतक न होने के कारण बाइक सीधे ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक धर्मेंद्र सिंह किराने की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, 15 वर्षीय बेटी सोनाक्षी और 12 वर्षीय बेटा आलोक सिंह शामिल हैं। सनी शर्मा अपने माता-पिता के बड़े पुत्र थे और उनका एक छोटा भाई है। उनके परिवार में पत्नी तनू और दो छोटे बच्चे—पांच वर्षीय विराट और डेढ़ वर्षीय सम्राट—हैं। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने इस संबंध में बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सड़क किनारे ट्राली खड़े करने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर चेतावनी संकेत लगाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।