महादेवा महोत्सव में गूंजे शांतनु महाराज के भजन:’कैलाश के निवासी नमो बार-बार’ गाया, श्रोता भक्ति में डूबे, गूंजे जयकारे

बाराबंकी में सोमवार शाम महादेवा महोत्सव में नारायणं फाउंडेशन प्रयागराज के आचार्य शांतनु महाराज ने अपने भजनों से आध्यात्मिक माहौल बना दिया। उन्होंने ‘कैलाश के निवासी नमो बार-बार’ और ‘दीवाना तेरा आया बाबा तेरी नगरी में’ जैसे भक्ति गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शांतनु महाराज ने शौर्य गाथाओं, भगवान शिव के तत्व ज्ञान पर प्रवचन और ‘जिन्हें दाम प्यारे उन्हें दाम दे दो, मुझे राम प्यारे मुझे राम दे दो’ जैसे भावपूर्ण भजनों से श्रोताओं को भक्ति और अध्यात्म में डुबो दिया। उनकी वाणी और गायन से श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध रहे। महाराज के भजनों में गायक अंकित पाठक और शुभम सिंह ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से सहयोग किया। संगीत संगत में ढोलक पर आदित्य पाठक, वायलिन पर ललित डोंगरे और बैंजो पर नवीन शर्मा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। करासर, सिरसा और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में शामिल हुए। भक्तों ने बाबा लोधेश्वर के जयकारों के साथ भक्तिपूर्ण शाम का आनंद लिया।महोत्सव के पहले ही दिन शांतनु महाराज के भजनों और प्रवचनों ने ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया, जिससे आगामी दिनों के कार्यक्रमों के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया है।