महाराष्ट्र के सैलून में बजा गाना ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’:युवक को मुंबई पुलिस ने किया अरेस्ट, आजमगढ़ में मां बोली- मेरा बेटा निर्दोष

महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में स्थित नयागांव के एक सैलून में ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना तेज आवाज में बजाने को लेकर हंगामा हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल रहमान शाह को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले में हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी अब्दुल रहमान शाह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले में आरोपी की मां असरफा बेगम ने अपने बेटे को रिहा किए जाने की गुहार लगाई है। देश विरोधी गाना बजाने के इस मामले को लेकर मुंबई में कार्रवाई के बाद आजमगढ़ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। आजमगढ़ का रहने वाला है आरोपी
आरोपी अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरी का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार डरा-सहमा हुआ है। बताया जा रहा है कि अब्दुल रहमान आठ भाइयों में सातवें नंबर पर है। उसके पिता सदरुद्दीन शाह करीब 20 साल पहले दूसरी शादी कर कहीं और रहने लगे थे और उनका परिवार से कोई लेना-देना नहीं रहा। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते अब्दुल रहमान बचपन में ही अपने अन्य भाइयों के साथ रोज़गार की तलाश में मुंबई चला गया था, जहां वह एक सैलून में काम करता था। ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना बजाने पर पुलिस ने की कार्रवाई
नयागांव के एक सैलून में ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना बजाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद जब आरोपी की मां अशरफा बेगम को जानकारी हुई, तो वह रोती-बिलखती नजर आई। मां का कहना है कि उनका बेटा इस तरह के किसी मामले में शामिल नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि अब्दुल रहमान पढ़ा-लिखा भी नहीं है। वहीं, आरोपी के बड़े भाई ने कहा कि उसके भाई को फंसाया गया है। उसने सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर अब्दुल रहमान को रिहा किए जाने की गुहार लगाई है। वह आजमगढ़ में रहकर ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।