कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के रौंगांव गांव में एक अधेड़ महिला की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हत्या की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, शुरुआती जांच में मां-बेटे के बीच जमीन विवाद को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय रिपोर्ट में गला दबाने अथवा किसी निश्चित कारण से मृत्यु की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमॉर्टम के दौरान मौत का स्पष्ट कारण सामने न आने पर बिसरा सुरक्षित (प्रिजर्व) किया गया है। इस बिसरा को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण पर स्थिति साफ हो सकेगी और विधिक कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी। डीएसपी अकबरपुर संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की स्पष्ट चोट या हत्या का प्रमाण नहीं मिला है, इसलिए बिसरा सुरक्षित कर आगे की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। परिजनों का कहना है कि मृतका और उसके बेटे के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और घर में अक्सर इसी बात को लेकर कहासुनी होती थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल किए हुए है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर बिंदू पर गंभीरता से जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।