महिला को परिवार सहित गोली मारने की धमकी:अवैध संबंध न बनाने पर युवक करता था अश्लील बातें, मुकदमा दर्ज

फिरोजाबाद में एक महिला को अवैध संबंध न बनाने पर परिवार सहित गोली मारने की धमकी दी गई है। थाना उत्तर क्षेत्र की निवासी महिला को एक युवक मोबाइल फोन पर लगातार परेशान कर रहा था। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शांति नगर निवासी राजेश कुमार उसे अपने मोबाइल फोन से कॉल करता था। आरोप है कि वह अश्लील बातें करता और अवैध संबंध बनाने का दबाव डालता था। महिला के इनकार करने पर आरोपित ने उसे और उसके पति-बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने झूठे मामले में फंसाने की भी धमकी दी, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर महिला ने अंततः थाना उत्तर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना उत्तर प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से महिला और उसका परिवार भय के माहौल में है। क्षेत्र के लोगों ने आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।