संभल में दिनदहाड़े एक महिला के अपहरण कर लिया गया। महिला को उसके पिता, दो भाई और चाचा घर से बाल खींचते हुए उठा ले गए। मामले का वीडियो भी सामने आया है। शादीशुदा महिला के प्रेमी ने बच्चों से मारपीट कर महिला को अगवा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी। मामला गुन्नौर तहसील के धनारी गांव का है। धनारी गांव निवासी तेजराम सिंह के बेटे ज्ञानेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे भगत सिंह, वेदपाल पुत्र रामवीर, राम खिलाड़ी (निवासी दिनौरा) और शैलेंद्र (निवासी बबराला) उनके मेरे घर में घुस आए। उन्होंने बच्चों के साथ मारपीट की। पूजा को जबरन गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग महिला को बाल पकड़कर खींचते हुए दिख रहे हैं। घटना के दो घंटे बाद पुलिस गांव पहुंची और शाम 6 बजे तक मामले की जांच-पड़ताल की। ज्ञानेंद्र ने अपनी पत्नी की हत्या कर दिए जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस ने बताया- पूजा की शादी 2017 में थाना रजपुरा के शायपुर निवासी उमेश के बेटे भूर सिंह से हुई थी। वह वर्तमान में मुरादाबाद के कटघर स्थित गोविंद नगर में रहता है। उनके एक बेटा भी है। पूजा पिछले दो साल से अपने मायके में रह रही थी और उसका तलाक का मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। 20 फरवरी को घर में विवाद होने के बाद पूजा नाराज होकर अपने दोस्त ज्ञानेंद्र के पास चली गई थी और उसके घर पर रह रही थी। ज्ञानेंद्र उर्फ राजू ने बताया- 2016 से मेरी और पूजा की बातचीत होती थी। 2017 में उसके परिजनों ने जबरन उसकी शादी कर दी थी। हम दोनों का 8 साल का एक बेटा है। शादी के एक-दो साल तक वह वहां पर रही और 2019 में मेरे साथ आकर रहने लगी। नवंबर में यह लोग उसे समझाकर अपने घर ले गए थे, लेकिन इन लोगों ने उसे बंधक बना लिया था। बीते शुक्रवार को फिर से मेरे पास आकर रहने लगी, आज 20-25 लोग आए और मेरे घर का सारा सामान ले गए, बच्चों को मारा और मेरी पत्नी को जबरन उठाकर ले गए हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पूजा को उसके पिता, दो भाई एवं एक चाचा ज्ञानेंद्र के घर से लेकर गए हैं। पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की छानबीन की है। उन्होंने बताया कि लड़की से फोन पर बात हुई है उसने कहा है कि मैं अपने परिवार से नाराज हो गई थी और मैं वापस अपने घर आ गई हूं।