फिरोजाबाद में एक 30 वर्षीय सहायक अध्यापिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। टीचर की पहचान सोनी पत्नी शिवकिशोर दीक्षित के रूप में हुई है। उनका मायका थाना मटसेना क्षेत्र के वजीरपुर आनंदीपुर में है, जबकि ससुराल इटावा के जसवंत नगर में है। परिजनों के अनुसार, सोनी परिषदीय विद्यालय इटावा में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। मायका पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उन्हें संतान न होने के कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके वालों का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष उन्हें “साया” बताकर बाबाओं के पास ले जाता था और उन पर तरह-तरह के दबाव बनाता था। परिजनों का कहना है कि सोनी लगातार इस प्रताड़ना का शिकार हो रही थीं। पति पत्नी को गम्भीर हालत में फिरोजाबाद लेकर आया। जहां उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हंगामा कर दिया। पिता और भाई का कहना है कि तंत्र क्रिया में उसे कुछ खाने को दिया गया। मृत्यु होने पर उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए गले पर निशान बना दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायका पक्ष ने ससुरालजनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।