महिला ने पिता-पुत्र और बेटी पर लगाया मारपीट का आरोप:बागपत में अभद्रता और धमकी देने का मामला, पुलिस जांच में जुटी

बागपत में एक महिला ने पिता, पुत्र और एक युवती पर मारपीट, अभद्रता तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बड़ौत कोतवाली क्षेत्र का है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने जेठ के घर आई हुई थी। इसी दौरान घर के सामने ही एक व्यक्ति ने उसके साथ अभद्रता की। इसके बाद उस व्यक्ति का बेटा और बेटी भी मौके पर आ गए। महिला के अनुसार, तीनों ने मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी और अवैध हथियार दिखाकर डराया-धमकाया। स्थानीय लोगों को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पिता, पुत्र और पुत्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बड़ौत कोतवाली प्रभारी मनोज चहल ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।