महिला ने पेट में बांधी 1 करोड़ की मार्फिन:तस्करी कर बनारस ले जा रही थी, झांसी में युवक के साथ गिरफ्तार

झांसी में मार्फिन (नशीला पदार्थ) तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। एक महिला पेट में एक करोड़ रुपए की मार्फिन बांधकर तस्करी करते हुए बनारस ले जा रही थी। उसके साथ एक व्यक्ति भी था। दोनों राजस्थान से बस बदलते हुए 300 किलोमीटर का सफर तय कर चुके थे। यहां बस बदलने के लिए खड़े थे, तभी मुखबिर की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स ने दोनों को गिरफ्तार कर एक किलोग्राम मार्फिन जब्त कर ली। मार्फिन की बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपए है। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर पूरे नेक्सस को खंगालने में जुटी है। दोनों के खिलाफ नवाबाद थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 4 माह से तस्कर के पीछे लगी थी टीम
एंटी नारकोटिक्स टास्क फाेर्स के प्रभारी चंदन पाडेय को राजस्थान के झालावाड़ से ड्रग्स की तस्करी होने की लगातार सूचना मिल रही थी। इस पर टीम ने काम किया और एक तस्कर के बारे में पता चला। टीम पिछले 4 महीने से उसका पीछा कर रही थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर कोछाभांवर के एक पेट्रोल पंप के पास बस के इंतजार में खड़ा है। साथ में एक महिला भी है। इस पर टीम ने नवाबाद पुलिस के साथ दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान महिला के पास से एक किलोग्राम मार्फिन ड्रग्स का पैकेज बरामद हुआ। जो उसने गमछा के सहारे अपने पेट पर बांध रखा था। इसकी बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपए है। दोनों राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले हैं
आरोपियों की पहचान राजस्थान के झालावाड़ के घाटौली थाना क्षेत्र के गांव पाटड़ी गिरधरपुरा निवासी लीलाबाई पत्नी बापूलाल और उकार लाल पुत्र करण सिंह के रूप में हुई है। उकार ने पुलिस को बताया- वह ड्रग्स तस्करी में ज्यादा उम्र की महिला को साथ रखता है। साथ ही गरीब जैसे कपड़े पहनते हैं, ताकि किसी को शक न हो और पकड़े भी न जाए। इस तरीके से पहले भी दो बार ड्रग्स की तस्करी कर चुका था। तीसरी बार आया तो पकड़ा गया। इस बार उसे मार्फिन ड्रग्स की सप्लाई वाराणसी और गाजीपुर में देनी थी। माल पहुंचाने पर महिला को 20 हजार रुपए दिए जाने थे। मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
एंटी नारकोटिक्स टीम अभी ड्रग्स तस्करी के छोटे गुर्गो को ही पकड़ पाई है। सरगना समेत अन्य बड़े खिलाड़ी पुलिस की पकड़ से दूर है। जिन तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। टास्क फाेर्स प्रभारी चंदन पांडेय ने बताया कि चेन जोड़कर मुख्य तस्कार तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि नवाबाद थाना क्षेत्र में कोछाभांवर में भारत पेट्रोल पम्प के पास एएनटीएफ और नवाबाद थाना पुलिस टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक का नाम लीला बाई और दूसरा उकार लाल निवासी राजस्थान बताया। इनके पास से एक किलो मार्फिन, 7400 रुपए कैश और मोबाइल बरामद हुआ है। बरामद मार्फिन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ रुपए है। इस मामले को लेकर नवाबाद थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।