महिला ने CHC गुन्नौर में रील बनाई, फिर मांगी माफी:बोली- फॉलोअर बढ़ाने के लिए किया, भावनाएं आहत करना मकसद नहीं था, जाने-अनजाने में गलती हुई

संभल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुन्नौर में एक महिला द्वारा फिल्मी गाने पर रील बनाने का मामला सामने आया है। 14 सेकंड का यह वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की। मामले की जानकारी होने पर महिला ने एक नया वीडियो जारी कर माफी मांगी है। यह घटना रविवार शाम करीब 4 बजे गुन्नौर सरकारी अस्पताल के गेट पर हुई। गांव ईसमपुर डांडा निवासी रोशनी शर्मा ने बताया कि उन्होंने यह रील अपने फॉलोअर और सब्सक्राइबर बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। अपने माफीनामे वाले वीडियो में रोशनी शर्मा ने कहा- मैंने गुन्नौर सरकारी अस्पताल के गेट पर एक वीडियो रील बनाया था। मेरा उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, बल्कि फॉलोअर और सब्सक्राइबर बढ़ाना था। यह रील तेजी से वायरल हो रही है। मैं सभी से माफी मांगना चाहती हूं। मुझे सरकारी नियम के बारे में जानकारी नहीं थी कि कहां वीडियो बनाना चाहिए और कहां नहीं। बताया जा रहा है कि महिला ने अस्पताल परिसर में लगभग एक घंटे बिताया और कई गानों पर वीडियो बनाए, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी हुई।