महोबा में 1000 रुपए के विवाद में दोस्तों में मारपीट:एक ने चाकू मारा, दूसरे ने ईंट से किया वार; हालत गंभीर

महोबा के मुढ़ारी गांव में 1000 रुपये के लेनदेन को लेकर दो दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक दोस्त ने दूसरे पर चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे ने ईंट से पलटवार किया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह वारदात कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र में हुई। घटना महोबा जनपद के मुढ़ारी गांव की है, जहाँ 22 वर्षीय हलकुट्टा और 30 वर्षीय युवराज के बीच यह विवाद हुआ। दोनों पहले गहरे दोस्त थे। विवाद की जड़ एक साल पहले हलकुट्टा द्वारा युवराज से लिए गए 1000 रुपये का उधार है। हलकुट्टा हाल ही में दिल्ली से होली मनाने अपने गांव लौटा था। युवराज ने उससे ब्याज सहित 2000 रुपये की मांग की। हलकुट्टा ने बीमारी और त्योहार का हवाला देते हुए भुगतान के लिए दो घंटे का समय मांगा। आरोप है कि इसी बात पर युवराज ने आपा खो दिया और चाकू से हलकुट्टा के पेट पर तीन वार कर दिए। इस हमले के जवाब में हलकुट्टा ने पास पड़ी ईंट उठाकर युवराज के सिर पर मार दी। सड़क पर हुई इस मारपीट को देखकर लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में दोनों घायलों ने एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगाए हैं। हलकुट्टा का कहना है कि हमला 1000 रुपये के विवाद को लेकर हुआ। वहीं, युवराज का दावा है कि उसने जून 2024 में हलकुट्टा को 2000 रुपये दिए थे और पैसे मांगने पर हलकुट्टा ने पहले उस पर हमला किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।