प्रयागराज माघ मेले का आज 7वां दिन है। शुक्रवार को पुलिस ने दो यूट्यूबर्स को पकड़ा है। आरोप है कि दोनों माघ मेले में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर माहौल खराब कर रहे थे। पुलिस ने बताया- बिहार में मधेपुरा के रहने वाले प्रदीप साहू और चंदन कुमार ने स्क्रिप्ट तैयार कर साधु संतों को बदनाम किया। एक भगवा कपड़े पहनता, दूसरा उससे गायत्री मंत्र पढ़ने को बोलता, फिर भागते हुए वीडियो बनाते थे। इनके एक वीडियो को एक दिन में 6 मिलियन लोगों ने देखा है। उधर, मेले में कड़ाके की ठंड के बावजूद करीब 10 लाख श्रद्धालु रोजाना पहुंच रहे। साधु-संत, अखाड़े और कल्पवासी संगम की रेती पर डेरा जमाए हैं। सतुआ बाबा ने 100 संतों के साथ माघ मेला इलाके में शोभा यात्रा निकाली। वह काला चश्मा पहनकर चल रहे थे। साधु-संत हाथ में तलवार और त्रिशूल लिए थे। सीएम योगी भी शनिवार को माघ मेला पहुंच रहे हैं। वे सतुआ बाबा के आश्रम जाएंगे। साधुओं के साथ भोजन करेंगे। मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के प्रमुख स्नान पर्वों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। विदेशी श्रद्धालु भी संगम पहुंच रहे। 22 साल की लुक्रेशिया इटली से यहां आई हैं। वो दिन-भर भजन-कीर्तन करती हैं। भारतीय संस्कृति में रमी लुक्रेशिया कहती हैं- महाकुंभ ने मेरी जिंदगी ही बदल दी। मैं सनातन (हिंदू) धर्म अपना चुकी हूं। मंत्रोच्चार सीख रही हूं। महाकुंभ में ‘दातून बॉय’ नाम से मशहूर हुए आकाश माघ मेले में भी थार से दातून बेचने आए हैं। उनके साथ 40-50 लड़कों की टीम है, जो जगह-जगह कैंप लगाकर दातून बेच रही। सभी ने आकाश और मलाइका अरोड़ा की तस्वीर छपी टी-शर्ट पहन रखी है। आकाश ने कहा- भारतीय महिलाओं और बहन-बेटियों को मुफ्त में दातून बांट रहा हूं। जबकि विदेशियों को 1,000 रुपए में दातून दे रहा हूं। भारत को अंग्रेजों ने लूटा था, इसलिए मैं उन्हें फ्री में दातून नहीं दूंगा। माघ मेले से जुड़ी तस्वीरें देखिए… माघ मेले में क्या-क्या हो रहा, कौन पहुंच रहा, जानने के लिए नीचे ब्लॉग देखिए…