मालन नदी में मछली पकड़ने गए व्यक्ति की डूबकर मौत:बिजनौर में ग्रामीणों ने शव देखा, पैर फिसलने से हादसा

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को मालन नदी में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। देर शाम ग्रामीणों ने नदी में उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शहर कोतवाली के गांव मुजफ्फरपुर केशो निवासी 35 वर्षीय जयचंद पुत्र लच्छू सैनी शनिवार सुबह अपने गांव के पास मालन नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर गए। काफी देर तक जयचंद का पता नहीं चल पाया। देर शाम ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त जयचंद पुत्र लच्छू के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, जयचंद मजदूरी का काम करते थे। करीब 10 साल पहले उनकी पत्नी बीमारी के कारण उन्हें छोड़कर चली गई थीं, जिसके बाद से वे अपने परिजनों के साथ ही रह रहे थे। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।