मुजफ्फरनगर के उत्तरी रामपुरी क्षेत्र में बुधवार सुबह करंट लगने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। बड़ी बहन निधि (24) नहाने के लिए बाल्टी में इलेक्ट्रिक रॉड से गर्म किए गए पानी को लेने गई थी, तभी वह करंट की चपेट में आकर गिर गई। उसे बचाने पहुंची छोटी बहन लक्ष्मी (22) भी करंट की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित उत्तरी रामपुरी निवासी विनोद पाल केटरिंग का काम करते हैं। बुधवार सुबह लगभग सात बजे उनकी बड़ी बेटी निधि ने नहाने के लिए बाल्टी में पानी गर्म करने के लिए इलेक्ट्रिक रॉड लगाई थी। जब वह बाल्टी से पानी लेने गई, तो यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बाल्टी से पानी का रिसाव होकर फर्श पर फैल गया था, जिसमें करंट था। निधि का नंगा पैर उस पानी पर पड़ते ही उसे करंट लगा और वह गिर गई। उसकी चीख सुनकर छोटी बहन लक्ष्मी उसे बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों बहनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय दोनों बहनों के माता-पिता मकान की ऊपरी मंजिल पर थे, जबकि भाई विशाल दूध लेने गया था। जब विशाल घर लौटा, तो उसने दोनों बहनों को फर्श पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसने शोर मचाया, जिसके बाद माता-पिता, पड़ोसी मोनू और अभिषेक सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा, शहर कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार और सिविल लाइन थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस को परिजन दोनों शवों को श्मशान घाट ले जाते हुए मिले। श्मशान घाट पर पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इसे एक हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसी बीच राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल वहां पहुंचे। उनके व गणमान्य लोगों के कहने पर पुलिस मान गई। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मोहल्ला वासियों ने बताया कि दोनों बहनें देवबंद के किसी निजी मेडिकल कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि परिजनों ने इस बारे में कुछ भी लिख कर नही दिया है।