मुजफ्फरनगर में मंगलवार शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आपसी विवाद के बाद दोस्त ने ही वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला मंसूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बोपाडा का है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे ग्राम बोपाडा निवासी दीपक (35), जो पेशे से राजमिस्त्री है। अपने दोस्त सोनू (30) पुत्र भीष्म, निवासी बोपाडा, से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान सोनू ने दीपक पर चाकू से कई वार कर दिए। जिससे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने दीपक मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना मंसूरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी सोनू फरार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।