मुजफ्फरनगर में बाइक-ट्रक भिड़ंत में एक की मौत:मलीरा गांव के पास हादसा, एक युवक गंभीर घायल

मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को रोहाना रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मलीरा गांव के निकट मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे 59 पर हुआ। पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक सवार ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक पर सवार दीदाहेड़ी निवासी साजिद पुत्र अस्मत अली (उम्र करीब 20 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ बाइक पर मौजूद मुनव्वर पुत्र राशिद (उम्र करीब 19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुनव्वर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।