मुजफ्फरनगर की मीरापुर पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ओडिशा से तस्करी कर लाया गया 58 किलो गांजा बरामद हुआ है। यह गांजा एक मॉडिफाइड कार में छिपाकर लाया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए है। पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत इस कार्रवाई की जानकारी दी। मीरापुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभलहेड़ा नहर पर चेकिंग के दौरान दो कारों को रोका। एक सेंट्रो कार की तलाशी में 58 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंदवाड़ा निवासी लोकेन्द्र, पानीपत निवासी इनाम और तेजपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर लाया गया था। एसपी बंसल के अनुसार, गिरफ्तार लोकेन्द्र का भाई योगेन्द्र पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। यह इसी गिरोह से गांजे की तीसरी बड़ी खेप की बरामदगी है। आरोपी ओडिशा से 3,000 से 3,500 रुपये प्रति किलो के भाव से गांजा खरीदते थे और यहां 10,000 रुपये प्रति किलो की दर से पुड़ियों में बेचते थे। पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।