मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टेम्पटेशन बेकरी के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई की है। यह छापेमारी सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित गोदाम (फैक्ट्री) में की गई। जांच के दौरान वहां से भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य उत्पाद बरामद होने का दावा किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी में वेज बेकरी उत्पाद बेचने वाले इस प्रतिष्ठान के गोदाम से चिकन पाउडर भी मिला है। विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में है। फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गोदाम के कई हिस्सों को सीज कर दिया है। टीम ने एक दर्जन से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई हाल ही में हुए खजूर प्रकरण के बाद मुरादाबाद में फूड सेफ्टी विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। विभाग की इस सख्ती से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों पर दबाव बढ़ा है।