मुरादाबाद में रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। शहर के मोहल्लों, कॉलोनियों और प्रमुख चौराहों पर रंगों की फुहार के बीच होली की मस्ती छाई रही। युवाओं में होली को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। कई स्थानों पर डीजे की व्यवस्था की गई थी, जहां फिल्मी और पारंपरिक होली गीतों पर युवा जमकर थिरके। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते-गाते सड़कों पर निकले। बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों से एक-दूसरे को रंगा, जबकि बुजुर्गों ने गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया।
महिलाओं ने घरों और सोसाइटी परिसरों में होली मिलन समारोह आयोजित किए। पारंपरिक पकवानों और मिठाइयों के साथ लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बधाई दी। कई स्थानों पर सामूहिक होली कार्यक्रम भी आयोजित हुए, जिनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। जगह-जगह गश्त कर कानून व्यवस्था पर नजर रखी गई, जिससे होली का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शाम तक पूरा मुरादाबाद रंगों में सराबोर रहा। लोगों ने आपसी मतभेद भुलाकर गले मिलकर होली मनाई और प्रेम, एकता व भाईचारे का संदेश दिया। इस बार की होली ने शहर में सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।