मेडिकल-स्टोर संचालक पर नाबालिग से दुष्कर्म के कोशिश का आरोप:देवरिया में विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लिया

देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर संचालक पर नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। किशोरी दवा लेने दुकान पर गई थी। तभी यह घटना हुई। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान वकीलगंज चौराहे पर मेडिकल स्टोर चलाने वाले इमरान पुत्र अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। घटना रविवार शाम की है। जब किशोरी अपनी रिश्तेदारी में आई हुई थी। अकेले दवा लेने दुकान पर गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने मौका पाकर उसके साथ अभद्रता की और जबरदस्ती करने की कोशिश की। शुरुआत में गौरी बाजार पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगा। पुलिस की सुस्ती और टालमटोल रवैये से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। इसी बीच, देवरिया सदर से भाजपा विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी से बात की और पीड़िता के पक्ष में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक सभाजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी इमरान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।